खड़ी सीमेंट लदी ट्रक में पीछे से घुसी ईंट लदी ट्रक, पांच घंटे जाम

खड़ी सीमेंट लदी ट्रक में पीछे से घुसी ईंट लदी ट्रक, पांच घंटे जाम

सोनभद्र (जनवार्ता)। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रविवार तड़के शीतला मंदिर के सामने एक तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी सीमेंट लदी ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मार्ग पर लंबा जाम लग गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

rajeshswari


जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे शीतला मंदिर के सामने सड़क किनारे एक सीमेंट लदी ट्रक खड़ी थी। इसी दौरान टांडा से विंढमगंज की ओर ईंट लेकर जा रही तेज रफ्तार ट्रक पीछे से खड़ी ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ी ट्रक करीब 50 मीटर तक आगे खिसक गई, जबकि टक्कर मारने वाली ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह का समय होने के कारण भारी वाहनों के साथ छोटे वाहन भी जाम में फंस गए।


सूचना मिलते ही डाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने बारी सेवा सदन से इंडियन बैंक तक मार्ग को वन-वे कर वाहनों का संचालन कराया, ताकि जाम की स्थिति नियंत्रित की जा सके। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने का कार्य शुरू किया गया। करीब पांच घंटे बाद दोनों वाहनों को सड़क किनारे कराया जा सका, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ।


गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दोनों ट्रकों को भारी नुकसान पहुंचा है। अंबेडकर नगर निवासी ट्रक चालक ने बताया कि लंबी दूरी तय करने के दौरान उसे झपकी आ गई थी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक से टकरा गया।
चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल करा दिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़े   जबरदस्ती हो रही शादी,सगी बहनों ने फोन कर लगाई गुहार
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *