विजयगढ़ किले के जंगल में भटके 10 श्रद्धालु, 8 घंटे बाद पुलिस ने सकुशल निकाला
सोनभद्र (जनवार्ता)! रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में विजयगढ़ किला जंगल में रास्ता भटक गए 10 श्रद्धालुओं को पुलिस ने करीब 6 से 8 घंटे के सघन सर्च ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस अभियान में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जान बची।

मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात लगभग 8:20 बजे पुलिस को सूचना मिली कि वाराणसी और मिर्जापुर से आए 10 श्रद्धालु विजयगढ़ किला स्थित मजार पर दर्शन करने गए थे, लेकिन वापसी के दौरान किले के पीछे जंगल के रास्ते में भटक गए। सूचना मिलते ही थाना रामपुर बरकोनिया पुलिस और पीआरवी 8507 की टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला।
कॉलर का मोबाइल स्विच ऑफ हो जाने से स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई। घने जंगल और अंधेरे के बीच पुलिस टीम ने टॉर्च, सीटी और लाउड हेलर की मदद से खोजबीन शुरू की। लगातार कई घंटों की मेहनत और रणनीतिक खोज के बाद पुलिस ने सभी 10 लोगों को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
बरामद श्रद्धालुओं में पुरुषों के साथ महिलाएं, किशोर और एक 7 वर्षीय बच्ची भी शामिल थी, जिससे अभियान की संवेदनशीलता और बढ़ गई थी। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से सभी को बिना किसी नुकसान के बाहर निकाल लिया गया।
इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक, उपनिरीक्षक और कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए सोनभद्र पुलिस का आभार जताया।

