मेले की खुशी मातम में बदली: गाजीपुर में बाइक भिड़ंत में तीन किशोरों की मौत
गाजीपुर, (जनवार्ता)। शादियाबाद क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मेला देखने जा रहे चार किशोरों की बाइकों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें तीन की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

बहरियाबाद थाना क्षेत्र के आसपुर हरतरा गांव निवासी चारों किशोर शादियाबाद मेले के लिए निकले थे। टांडा गांव के पास तेज रफ्तार के चलते उनकी बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक यादव, शनि राम और विजय (16-18 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल शुभम कुमार को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

