सोनभद्र में ‘हादसे’ की आड़ में खौफनाक साजिश का पर्दाफाश, शातिर आरोपी अभय पाल गिरफ्तार
सोनभद्र (जनवार्ता)! घोरावल पुलिस ने एक साधारण दिखने वाले सड़क हादसे के पीछे छिपी साजिश का सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी अभय पाल को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा निकला, जिसने पूरे घटनाक्रम को चौंकाने वाला बना दिया।

जिले मे अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच घोरावल पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सक्रिय टीम ने गुरुवार सुबह गुरेठ मोड़–ओदार मार्ग पर चेकिंग के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अभय पाल (35) को दबोच लिया।
यह मामला 8 दिसंबर 2025 का है, जब खुटहा बाईपास पर एक ट्रक की टक्कर से क्रेटा कार सवार राजेश यादव की मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर इसे एक सामान्य सड़क दुर्घटना माना गया, लेकिन पुलिस की गहन जांच ने कहानी का रुख ही बदल दिया।
विवेचना में सामने आया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि बारीकी से रची गई हत्या की साजिश थी।
तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के विश्लेषण ने इस रहस्य से पर्दा उठाया। दरअसल, वर्ष 2023 में हुए एक बच्चे के अपहरण और हत्या के मामले में राजेश यादव आरोपी था और जमानत पर बाहर था। उसी रंजिश में बच्चे के पिता मंगल पाल ने बदले की आग में यह खौफनाक योजना तैयार की।
योजना के तहत एक पुराना ट्रक खरीदा गया और तय दिन पर अभय पाल ने राजेश की कार को निशाना बनाकर जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूरे षड्यंत्र के अन्य पहलुओं की भी जांच तेज कर दी है।

