प्रतापगढ़ में पुलिस कार्रवाई से नाराज दो युवतियों का हंगामा, एक पानी की टंकी तो दूसरी मोबाइल टॉवर पर चढ़ी

प्रतापगढ़ में पुलिस कार्रवाई से नाराज दो युवतियों का हंगामा, एक पानी की टंकी तो दूसरी मोबाइल टॉवर पर चढ़ी

प्रतापगढ़, (जनवार्ता)
जनपद में जमीन विवाद को लेकर पुलिस की कथित निष्क्रियता से नाराज दो युवतियों ने मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हंगामा किया। एक युवती एसपी कार्यालय परिसर में बनी करीब 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई, जबकि दूसरी बीएसएनएल के लगभग 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर जा पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

rajeshswari


एसपी दीपक भूकर ने दोनों मामलों में जांच के आदेश देते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली नंदिनी (25) मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी। अधिकारी के न मिलने पर वह करीब 11 बजे दीवानी परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई और हंगामा करने लगी। घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया। कार्रवाई के आश्वासन के बाद दोपहर करीब 12 बजे युवती सुरक्षित नीचे उतर आई।


नंदिनी की मां शिवदेवी ने बताया कि उन्हें सरकारी आवासीय भूमि मिली थी, जिस पर वे मकान बनवा रही थीं। आरोप है कि पड़ोसी रिश्तेदारों ने ढाई फुट के कथित सार्वजनिक रास्ते का विवाद खड़ा कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। उनका कहना है कि लेखपाल की मौजूदगी में भूमि की नाप-जोख हो चुकी है, इसके बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।


दूसरी घटना लीलापुर थाना क्षेत्र के साहबगंज बाजार की है, जहां देवली गांव निवासी कोमल उर्फ दामिनी (26) सुबह करीब 5 बजे बीएसएनएल मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों तक समझाने का प्रयास करती रही। करीब 6 से 7 घंटे बाद आश्वासन मिलने पर युवती सुरक्षित नीचे उतर आई।
युवती का आरोप है कि 13.6 बीघा जमीन में छह हिस्सेदार हैं, लेकिन उसके हिस्से की जमीन पर पड़ोसी ने अवैध कब्जा कर रखा है। लगभग 6 बीघा जमीन का मामला न्यायालय में लंबित है। वह कई बार थाने में शिकायत कर चुकी है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि दोनों मामलों की जानकारी मिलते ही आवश्यक कदम उठाए गए। टंकी पर चढ़ी युवती से उन्होंने स्वयं बात की और जांच के आदेश दिए हैं, जबकि दूसरे मामले में दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता कराया गया है। दोनों युवतियां फिलहाल सुरक्षित हैं।

इसे भी पढ़े   डिवाइडर से टकराई कार चालक की मौत,एक घायल
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *