मुगलसराय : मछली मंडी से सपा कार्यालय तक चला बुलडोजर, वर्षों पुराने अवैध अतिक्रमण जमींदोज

मुगलसराय : मछली मंडी से सपा कार्यालय तक चला बुलडोजर, वर्षों पुराने अवैध अतिक्रमण जमींदोज

चन्दौली (जनवार्ता) : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। गुरुवार को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बने वर्षों पुराने अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन का बुलडोजर जमकर चला।

rajeshswari

यह कार्रवाई मछली मंडी से शुरू होकर समाजवादी पार्टी के कार्यालय तक चली। जैसे ही पीडब्ल्यूडी की जेसीबी मशीनें मौके पर पहुंचीं, अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एसडीएम अनुपम मिश्रा के सीधे नेतृत्व में चलाए गए इस महा-अभियान में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजीव मोहन सक्सैना, पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह और मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे।

प्रशासन ने सुबह से ही चिन्हित स्थानों पर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू कर दिया। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। फायर ब्रिगेड की टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया था।

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानें, टीनशेड और अवैध ढांचों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।

एसडीएम अनुपम मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 
“सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन अतिक्रमणों के कारण यातायात बाधित हो रहा था और क्षेत्र में लगातार जाम की समस्या बनी रहती थी। साथ ही ये विकास कार्यों में भी बड़ी बाधा बन रहे थे। जनहित में इन्हें हटाना जरूरी था।”

जब बुलडोजर ने निर्माण गिराना शुरू किया तो कई कब्जाधारियों ने खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। कुछ स्थानों पर हल्की नोकझोंक हुई, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कोई बड़ा विरोध नहीं हो सका।

इसे भी पढ़े   डीडीयू जंक्शन : मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ते ही हाईटेंशन की चपेट में आया युवक, मौके पर ही मौत

अतिक्रमण हटने के बाद स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि अब सड़क के दोनों ओर से कब्जे हटने के बाद बाजार व्यवस्थित दिखाई देगा और जाम से निजात मिलेगी।

प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यह अभियान अभी जारी रहेगा और शहर के अन्य चिन्हित अवैध अतिक्रमण स्थलों पर भी जल्द ही बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *