हैवानियत का वीडियो वायरल: बहन के प्रेम विवाह से भड़के भाई ने ससुर को सड़क पर रॉड से पीटा, हालत गंभीर
अमरोहा। बिजनौर मार्ग पर किसान पेट्रोल पंप के समीप बुधवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाई ने उसके ससुर को सरेराह सड़क पर गिराकर लोहे की रॉड से निर्मम प्रहार कर अधमरा कर दिया। हमले का 24 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें हैवानियत साफ नजर आ रही है।

घटना मुहल्ला नल नई बस्ती की है। मोबीन अहमद के पुत्र जाने आलम ने मुहल्ले की ही निदा के साथ प्रेम विवाह किया था। करीब 15 दिन पहले दोनों ने शादी कर ली थी और घर पर ही रह रहे थे। लेकिन निदा के परिवार वाले इस प्रेम विवाह से नाराज थे।
निदा के भाई आतिफ और उसके साथी फैज, मन्नान व शब्बू लगातार दोनों परिवारों को धमकियाँ दे रहे थे। बुधवार रात करीब 8 बजे जब मोबीन अहमद बिजनौर मार्ग पर किसान पेट्रोल पंप के पास राजू ट्रांसपोर्ट के पास बैठे थे, उसी दौरान आतिफ वहाँ पहुँचा।
आतिफ ने मोबीन अहमद को दुकान से बाहर खींचा, विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार करने लगा। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आतिफ ने मोबीन पर मात्र 24 सेकंड में कम से कम पाँच जोरदार वार किए। जब कुछ राहगीर उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़े तो आतिफ ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की।
आतिफ ने मोबीन को मृत समझकर मौके से भाग निकला। आसपास खड़े लोग केवल तमाशा देखते रहे। घायल मोबीन अहमद को उनके परिजनों ने तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ से उनकी हालत गंभीर बताते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मोबीन अहमद के दूसरे बेटे शाने आलम ने थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आतिफ, फैज, मन्नान और शब्बू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि फैज को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को प्रेम विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश का मामला सामने आया है।
पुलिस ने वायरल वीडियो को भी सबूत के रूप में शामिल किया है और पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।

