बारात लेकर जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या, शादी की खुशियां मातम में बदली
जौनपुर, (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बारात लेकर जा रहे एक युवक की बदमाशों ने बीच रास्ते गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि दुल्हन पक्ष के घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी रामलखन का 21 वर्षीय पुत्र आजाद कुमार अपनी बारात लेकर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रहा था। बारात धूमधाम से आगे बढ़ रही थी और दूल्हा आजाद कार में सवार था। बताया जा रहा है कि बारात दुल्हन के घर से कुछ ही दूरी पर पहुंची थी, जहां स्वागत की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं।
इसी दौरान खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की कार रोक ली। आरोप है कि हमलावरों ने आजाद को कार से नीचे उतारकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से बारात में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
गंभीर रूप से घायल आजाद को परिजन तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग सहित कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि दुल्हन की शादी तय होने से लड़की पक्ष का एक युवक नाराज था। आशंका जताई जा रही है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि शादी तय होने के बाद से ही आजाद को लगातार धमकियां मिल रही थीं। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है। जिस घर में बारात का इंतजार हो रहा था, वहां चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।


