हाईकोर्ट का जज बनकर एसपी पर दबाव बनाने वाला गिरफ्तार

हाईकोर्ट का जज बनकर एसपी पर दबाव बनाने वाला गिरफ्तार

बस्ती  (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में खुद को इलाहाबाद हाईकोर्ट का जज बताकर पुलिस अधिकारियों पर दबाव बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विनय कुमार चौधरी के रूप में हुई है, जो थाना कोतवाली क्षेत्र के रैपुरा जंगल तिवारीपुर का निवासी बताया गया है।

rajeshswari


पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अधिकारियों को फोन कर खुद को हाईकोर्ट का न्यायाधीश बताता था और विभिन्न मामलों में कार्रवाई कराने का दबाव बनाता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब उसने पुलिस अधीक्षक के सीयूजी नंबर पर कॉल कर एक मुकदमा दर्ज कराने के लिए दबाव बनाया।


जानकारी के मुताबिक 28 अप्रैल को आरोपी ने खुद को हाईकोर्ट का जस्टिस बताते हुए एसपी कार्यालय में कई बार फोन किया। उसने चमरौहा सियरापार निवासी एक व्यक्ति के पक्ष में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। बातचीत के दौरान उसकी भाषा और व्यवहार पर संदेह होने के बाद मामले की गोपनीय जांच कराई गई।
जांच में पता चला कि कॉल करने वाला कोई न्यायाधीश नहीं बल्कि बस्ती निवासी विनय कुमार चौधरी है। इसके बाद पुलिस ने एक मई को उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।


सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि आरोपी ने अधिकारियों को भ्रमित करने के लिए अपने मोबाइल में दो सिम इस्तेमाल किए थे। दोनों नंबर उसने “Justice” नाम से सेव कर रखे थे, ताकि कॉल आने पर सामने वाले की स्क्रीन पर “Justice” दिखाई दे और लोग उसे न्यायाधीश समझ लें।


कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को नेशनल हाईवे स्थित पटेल चौक के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से दो सिम वाला एंड्रॉयड मोबाइल, ब्लूटूथ ईयरफोन, 20 हजार रुपये नकद, नेपाली मुद्रा, तीन एटीएम कार्ड और अन्य पहचान पत्र बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़े   एक बिल्ली से जापान में दहशत,पड़ गए जान के लाले;शहर में हाई अलर्ट
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *