अपहरण कर मासूम बच्ची को सूखे कुएं में फेंका, ग्रामीणों ने चीख सुनकर बचाई जान
साइकिल सवार आरोपी ने नर्सरी की बच्ची को बहलाकर किया अगवा, 70 फीट गहरे कुएं में धक्का दे डाला
चौबेपुर (जनवार्ता): स्थानीय क्षेत्र के ग्राम सभा कौवापुर में सोमवार सुबह एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। बसंत पब्लिक स्कूल की नर्सरी की करीब छह वर्षीय छात्रा का अपहरण कर उसे 70 फीट गहरे सूखे कुएं में धक्का दे दिया गया। गनीमत रही कि ग्रामीणों की सतर्कता और बच्ची की चीख-पुकार से समय रहते उसकी जान बच गई कौवापुर निवासी इमरान की पुत्री एकरा (6) सुबह करीब 7 बजे स्कूल गई थी।


छुट्टी के बाद वह पैदल घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान साइकिल सवार पतालू उर्फ ताज मोहम्मद ने उसे बहला-फुसलाकर अपनी साइकिल पर बैठा लिया और फरार हो गया। आरोप है कि वह बच्ची को छित्तमपुर स्थित डीहबाबा मंदिर के पास ले गया, जहाँ उसने एक सूखे कुएं में धक्का दे दिया। वहीं करीब 70 फीट गहरे कुएं में गिरते ही बच्ची जोर-जोर से चिल्लाने लगी। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। काफ़ी मशक्कत के बाद उन्होंने रस्सी और दीये की मदद से बच्ची को बाहर निकाला। घायल अवस्था में बच्ची को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार चल रहा है ।घटना की सूचना मिलते ही आलाधिकारी सहित, थानाध्यक्ष चौबेपुर समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, जांच के तहत बच्ची के पिता को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है वहीं जनवार्ता प्रतिनिधि दुर्गेश कुमार यादव और एसीपी सारनाथ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।डॉक्टरों ने बताया कि ग्रामीणों की समय पर मदद से बच्ची की जान बच गई। अब वह खतरे से बाहर है। पूरे मामले की छानबीन जारी है।

