शिवपुर : मारपीट कर युवक से सोने की चेन और 82 हजार नकदी लूट कर भागे बदमाश
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके में शुक्रवार दोपहर बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट कर सोने की चेन और नकदी लूट ली। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।


जानकारी के अनुसार अनुज सिंह अपनी बहन को उसके ससुराल छोड़ने चांदमारी गए थे। दोपहर करीब 12 बजे वह वापस लौट रहे थे। आरोप है कि चांदमारी रिंग रोड ओवरब्रिज के समीप कार सवार चार बदमाशों ने उनकी कार रोक ली। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें जबरन बाहर निकालकर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उनके पास मौजूद 82 हजार रुपये नकद और करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन छीन ली।

मारपीट में अनुज सिंह की आंख, हाथ और गर्दन में चोटें आई हैं। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश कार से सिंधोरा की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने शिवपुर थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि उन्हें लूट की तहरीर मिली है लेकिन मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। गाड़ी नंबर ट्रेस हो चुका है दूसरे पक्ष को बुलाया गया है ।

