सेवापुरी में दिव्यांगजन शिविर आयोजित, 22 लोगों का हुआ पंजीकरण

सेवापुरी में दिव्यांगजन शिविर आयोजित, 22 लोगों का हुआ पंजीकरण

वाराणसी (जनवार्ता)। सेवापुरी ब्लॉक मुख्यालय पर शुक्रवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) अभिषेक कुमार सिंह की देखरेख में किया गया।

rajeshswari

निदेशालय दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में ग्रामीण क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों के लिए लाभार्थियों का चिन्हांकन, शल्य चिकित्सा संबंधी परामर्श तथा यूडीआईडी (विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र) कार्ड के पंजीकरण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने दिव्यांगजनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यकतानुसार दिव्यांग प्रमाण पत्र भी जारी किए। शिविर में कुल 22 लोगों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 10 लाभार्थियों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं अन्य पात्र लाभार्थियों को ट्राई साइकिल, कान की मशीन एवं अन्य सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित कर उनका पंजीकरण किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थियों को जल्द ही सहायक उपकरण उपलब्ध करा दिए जाएंगे। शिविर में विभागीय कर्मचारियों द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान 24 अप्रैल से शुरू होकर 15 मई तक चलेगा। उन्होंने कहा कि शिविर की सूचना प्रचार-प्रसार के माध्यम से पहले ही लोगों तक पहुंचाई गई थी, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

इसे भी पढ़े   महागौरी और अन्नपूर्णा माता के दर्शन को उमड़ी भक्तों की भीड़

शिविर के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। इस अवसर पर दिव्यांग विभाग वाराणसी के अधिकारी, चिकित्सकों की टीम एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *