कर्ज में डूबे शिक्षक ने थामी पिस्टल, सीएससी संचालक से लूट का प्रयास विफल
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजीसराय बाजार में शनिवार रात एक सीएससी संचालक से लूट का प्रयास स्थानीय लोगों की सतर्कता और पीड़ित की सूझबूझ से विफल हो गया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पेशे से अंग्रेजी शिक्षक बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, लुच्चेपुर-भटौली निवासी जावेद अली काजीसराय में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं। शनिवार देर रात वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी सुपर स्प्लेंडर बाइक से एक युवक वहां पहुंचा। युवक ने नकदी निकालने का बहाना बनाया और करीब 15 मिनट तक ग्राहक बनकर दुकान में बैठा रहा। इस दौरान वह मोबाइल पर बातचीत करने का दिखावा करते हुए दुकान और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता रहा।
मौका मिलते ही युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर जावेद अली पर तान दी और कैश देने की धमकी दी। जावेद ने धैर्य दिखाते हुए बदमाश को बातों में उलझाया और कहा कि रकम पीछे कमरे में रखी है। इसी बीच वह पीछे के रास्ते से बाहर निकल गए और शोर मचा दिया।
शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख आरोपी बाइक से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे सड़क पर गिरा दिया। भीड़ ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिस्टल छीन ली और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची बड़ागांव पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने चली गई। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान भरतपुर निवासी गौतम पटेल के रूप में हुई है। वह विकास इंटर कॉलेज में अंग्रेजी शिक्षक है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में उसने लूट की योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने जावेद अली की सूझबूझ और सामूहिक सतर्कता की सराहना की।


