रोहतास में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में पांच घायल, दो की हालत गंभीर
रोहतास (जनवार्ता)। जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा शिवसागर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के समीप सुबह करीब आठ बजे हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पहले बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों बाइक अनियंत्रित होकर आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों तथा एनएचआई कर्मियों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया।
सूचना पर शिवसागर थाना पुलिस और एनएचआई की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में दो की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। वहीं स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

