प्रतीक यादव की रहस्यमयी मौत
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
लखनऊ (जनवार्ता)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव (38) का बुधवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध जहरबंदी माना है। शव का पोस्टमॉर्टम वीडियोग्राफी के साथ विशेष पैनल की निगरानी में किया जा रहा है।

पुलिस और चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 4 बजे प्रतीक यादव अपने आवास के किचन में अचेत अवस्था में पड़े मिले। उनके शरीर पर कुछ चोट के निशान भी देखे गए। करीब 6 बजे उनके ड्राइवर ने सिविल अस्पताल के डॉक्टर को फोन कर सूचना दी कि “भइया को कुछ हो गया है, जल्दी आइए।” डॉक्टर की टीम जब उनके घर पहुंची तो प्रतीक यादव में कोई संकेत नहीं थे। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में जहर की आशंका जताई है। मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर बिजनेस क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम की लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई पूरी की थी। फिटनेस के प्रति गहरी रुचि रखने वाले प्रतीक लखनऊ में जिम बिजनेस संचालित करते थे। उनकी अपर्णा यादव से वर्ष 2011 में शादी हुई थी। अपर्णा यादव 2022 में भाजपा में शामिल हुईं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
हाल के दिनों में दंपति के बीच रिश्तों में तनाव की कुछ खबरें भी सामने आई थीं, हालांकि परिवार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
प्रतीक यादव के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। कई नेताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घर के अंदरूनी माहौल, परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। चोट के निशानों और जहर की आशंका को लेकर गहन छानबीन की जा रही है।
अभी तक परिवार की ओर से कोई विस्तृत बयान नहीं आया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के नतीजे आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

