सारणी में नया 160 एमवीए ट्रांसफार्मर शुरू
बैतूल, (जनवार्ता)। बैतूल जिले के सारणी स्थित 220 केवी सबस्टेशन में 160 एमवीए क्षमता का नया अत्याधुनिक पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत किया गया। इसके साथ ही वर्ष 1978 में स्थापित 100 एमवीए क्षमता का पुराना ट्रांसफार्मर 45 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद रिटायर हो गया।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि पुराने ट्रांसफार्मर की निर्धारित आयु 25 वर्ष थी, लेकिन बेहतर रखरखाव और तकनीकी दक्षता के कारण इसने लगभग दोगुनी अवधि तक निर्बाध सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि सारणी ताप विद्युत गृह से उत्पादित बिजली को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने में इसकी अहम भूमिका रही।
एमपी ट्रांसको भोपाल के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश शांडिल्य ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर के शुरू होने से सारणी 220 केवी सबस्टेशन की कुल क्षमता बढ़कर 320 एमवीए हो गई है। इससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अधिक विश्वसनीय होगी और तीन 132 केवी सबस्टेशनों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक्शन घोड़ाडोंगरी के दोनों फीडरों को भी बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से बैतूल जिले की कुल स्थापित क्षमता 740 एमवीए से बढ़कर 800 एमवीए हो गई है।

