मुरादाबाद : बेटी ने ही पिता के घर डकैती कराई, प्रेमी के साथ 1.30 करोड़ लूटा, सनसनीखेज खुलासा
मुरादाबाद। थाना नागफनी क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में पीतल कारोबारी एवं प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इमरान के घर 11 मई की रात हुई करीब 1.20 से 1.30 करोड़ रुपये की डकैती का पुलिस ने मात्र तीन दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार इस वारदात की मुख्य साजिशकर्ता खुद कारोबारी की 21 वर्षीय बेटी अरीबा निकली, जिसने अपने प्रेमी अरशद वारसी के साथ मिलकर अपने ही घर में डकैती डलवाई।

11 मई की रात हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। उन्होंने डिजिटल लॉक खोलकर अंदर प्रवेश किया और नकद 1.20-1.30 करोड़ रुपये कैश व सोने के जेवरात (लगभग 6 तोले) लूटकर फरार हो गए। यह घटना नागफनी थाने से महज 400 मीटर दूर हुई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अरीबा ने ही डिजिटल लॉक खोलकर बदमाशों को अंदर बुलाया था। अरीबा का अमरोहा के नौगांवा सादात निवासी अरशद वारसी के साथ 8-9 वर्ष से प्रेम संबंध चल रहा था। इसी प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों ने मिलकर डकैती की साजिश रची। अरीबा ने परिवार की पूरी जानकारी अपने प्रेमी को दी और डकैती को अंजाम दिया।
पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें अरीबा, उसका प्रेमी अरशद वारसी (निवासी मकदूमपुर, नौगांवा सादात, अमरोहा), कुलदीप (मनोहरपुर, मझोला), रवि कुमार (बिजरा, नौगांवा सादात, अमरोहा) और निक्की (तिगरिया भूड़, गजरौला) शामिल हैं। इनके कब्जे से 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, अवैध हथियार (तमंचे), मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें बरामद की गई हैं। बाकी करीब 6 आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पूछताछ में अरशद वारसी ने स्वीकार किया कि अरीबा के साथ उसके लंबे समय से संबंध थे और दोनों ने घर की जानकारी का फायदा उठाकर डकैती की योजना बनाई। परिवार पर सबसे ज्यादा भरोसा करने वाली बेटी का इस साजिश में शामिल होना इलाके में हड़कंप मचा गया है।
मुरादाबाद पुलिस की टीम ने तेजी से काम करते हुए इस हाईप्रोफाइल मामले का खुलासा किया है। आगे की जांच जारी है।

