बच्चों की चिंता में अस्पताल जाने से मना

बच्चों की चिंता में अस्पताल जाने से मना

दिल्ली बस गैंगरेप पीड़िता बोली— “घर पर खाना कौन बनाएगा?”

नई दिल्ली, (जनवार्ता)  । राजधानी दिल्ली में चलती बस में महिला के साथ कथित गैंगरेप की घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले का सबसे भावुक पहलू तब सामने आया, जब पीड़िता ने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता ने डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों से कहा, “अगर मैं अस्पताल में भर्ती हो गई तो घर पर बच्चों के लिए खाना कौन बनाएगा?” महिला का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय महिला सोमवार रात अपने भाई के घर से लौट रही थी। वह उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक निजी बस में सवार हुई थी। आरोप है कि बस चालक और परिचालक ने महिला को अकेला पाकर चलती बस में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय बस में कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके घर पर तीन बच्चे उसका इंतजार कर रहे थे।
घटना के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने भर्ती होने से मना कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला का पति टीबी से पीड़ित है और घर की जिम्मेदारियां लगभग पूरी तरह उसी पर हैं।
इस घटना ने 2012 के चर्चित निर्भया कांड की यादें ताजा कर दी हैं। वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले की जांच तेजी से की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त पर तलवार से हमले की कोशिश,पुलिस ने नाकाम की नापाक हरकत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *