स्मार्ट मीटर को लेकर सख्त हुए मंत्री, जबरन मीटर बदलने पर निलंबन की चेतावनी

स्मार्ट मीटर को लेकर सख्त हुए मंत्री, जबरन मीटर बदलने पर निलंबन की चेतावनी

वाराणसी, (जनवार्ता)। प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी उपभोक्ता का पुराना मीटर हटाकर जबरन स्मार्ट मीटर न लगाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि इस मामले में अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता की जवाबदेही तय होगी, जबकि मुख्य अभियंता पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से कहा कि यदि स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर किसी प्रकार का उत्पीड़न किया जाता है तो इसकी शिकायत सीधे उन्हें व्हाट्सएप पर की जा सकती है।
गर्मी के मौसम में बिजली व्यवस्था को लेकर मंत्री ने कहा कि विभाग पूरी तरह सतर्क है। सभी उपकेंद्रों का निरीक्षण कराया गया है और आवश्यक मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। अभियंताओं को नियमित पेट्रोलिंग करने तथा जर्जर और खराब तारों को तत्काल बदलने को कहा गया है, ताकि ओवरलोडिंग से होने वाली समस्याओं से बचा जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना कारण बिजली कटौती किसी भी स्थिति में न हो। यदि अनावश्यक कटौती होती है तो संबंधित बिजली अभियंता जिम्मेदार माने जाएंगे। मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से उपभोक्ताओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार और उपभोक्ता संतुष्टि सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों को सक्रिय और जवाबदेह रहना होगा।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   चोलापुर : डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, सात आरोपी गिरफ्तार
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *