रेणुकूट के रवि सिंह करेंगे वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व
सोनभद्र (जनवार्ता)। सोनभद्र के रेणुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कार्यरत खिलाड़ी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जिले, प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित किया है। रवि सिंह आगामी 8वीं विश्व क्वान की डो चैंपियनशिप- 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। खास बात यह है कि वह उत्तर प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित विश्व प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवि सिंह पुत्र स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह, हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेणुकूट के बॉयलर को-जेनरेशन विभाग में कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से रेणुकूट सहित पूरे सोनभद्र जिले में खुशी का माहौल है।
विश्व क्वान की डो चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 20 मई से 24 मई 2026 तक रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट स्थित कॉम्प्लेक्स स्पोर्टिफ “सैले पॉलीवैलेंटे डायनामो” में किया जाएगा, जिसमें दुनिया भर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रवि सिंह अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। नौकरी के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है।
रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन तथा सहयोगियों के समर्थन को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश क्वान की डो एसोसिएशन के महासचिव अमित कुमार सिंह, क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष विनोद कुमार एवं संगठन के सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रवि सिंह ने कहा कि “देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गौरव है। यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया। मैं विश्व मंच पर भारत का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ उतरूंगा।”
रवि सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों, सहकर्मियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि रवि सिंह विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश और जिले का नाम रोशन करेंगे।

