विंध्य धाम में शुरू हुए प्रसादम और गिफ्ट बॉक्स
मीरजापुर (जनवार्ता)। मां विंध्यवासिनी धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन ने ‘विंध्य प्रसादम’ और ‘विंध्य गिफ्ट बॉक्स’ की शुरुआत की है। श्रद्धालु अब मंदिर कॉरिडोर परिसर में स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल से इन्हें खरीद सकेंगे।
इस योजना का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया। उन्होंने इसे महिला सशक्तीकरण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल बताया।
मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार की पहल पर शुरू की गई योजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधा देने के साथ महिलाओं को रोजगार से जोड़ना है।
‘विंध्य प्रसादम’ बॉक्स की कीमत 2000 रुपये रखी गई है। इसमें मंदिर मॉडल, रुद्राक्ष माला, लाल पेड़ा, अगरबत्ती, चुनरी, घी और गुड़ समेत कई धार्मिक सामग्री शामिल हैं।
वहीं 1282 रुपये के ‘विंध्य गिफ्ट बॉक्स’ में सरसों तेल, अचार, सत्तू, दाल, मसाले, पापड़, मोरिंगा पाउडर, हैंडवॉश और डिशवॉश जैसे स्थानीय उत्पाद रखे गए हैं। इसके अलावा 100 रुपये डिलीवरी शुल्क भी तय किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि इस पहल से श्रद्धालुओं को विशेष स्मृति उपहार मिलेगा और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आय का नया अवसर प्राप्त होगा।


