पाढ़म में लौटा राजा परीक्षित की नगरी का वैभव, महाभारत कालीन इतिहास को मिली नई पहचान
जसराना (जनवार्ता)। महाभारत काल से जुड़ी ऐतिहासिक नगरी पाढ़म का वैभव एक बार फिर लौटता दिखाई दे रहा है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार देर शाम यहां 4.32 करोड़ रुपये की पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। वर्षों से उपेक्षित रहे इस धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल को अब आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
पाढ़म स्थित परीक्षित कुंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महाभारत काल से जुड़े इस स्थल को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में यह क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान प्राप्त कर सके।
मान्यता के अनुसार, राजा परीक्षित के पुत्र महाराज जनमेजय ने अपने पिता की मृत्यु का प्रतिशोध लेने के लिए इसी भूमि पर नाग यज्ञ कराया था। कहा जाता है कि उन्होंने नाग वंश के विनाश का संकल्प लिया था। क्षेत्र में मौजूद प्राचीन टीले, कुंड और अवशेष आज भी उस इतिहास की गवाही देते हैं। परीक्षित टीला पर स्थित प्राचीन कुएं की गहराई सात कुओं के बराबर मानी जाती थी और धार्मिक अनुष्ठानों में इसके जल का उपयोग किया जाता था।
मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के तहत परिसर में सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, मार्ग निर्माण और पर्यटक सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इससे न केवल स्थानीय श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी बल्कि बाहरी पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान रामलीला मैदान, खेरिया में 1.89 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। वहीं जखईया महाराज मंदिर परिसर में 2.50 करोड़ रुपये की पर्यटन विकास एवं सुंदरीकरण परियोजना का भूमि पूजन किया गया। मंत्री ने कहा कि जसराना तहसील के अन्य धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को भी पर्यटन विकास योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने नगर में बढ़ते जाम और प्रदूषण की समस्या को उठाते हुए बाईपास निर्माण की मांग की। साथ ही बलिदानी अग्निवीर अतुल कुमार की स्मृति में स्मारक और पार्क निर्माण के लिए भूमि आवंटन का ज्ञापन भी मंत्री को सौंपा गया। बलिदानी के पिता तुकमान सिंह ने गाटा संख्या 1193 में भूमि आवंटित कराने की मांग रखी।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रामगोपाल लोधी सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद


