रामनगर : दो पिस्टल व सात कारतूस के साथ असलहा तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। रामनगर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक असलहा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और सात जिंदा कारतूस बरामद किया हैं।

पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त और सघन चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक बुलेट मोटरसाइकिल से अवैध हथियार लेकर पीएसी तिराहे से दुर्गा मंदिर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बावन बीघा मैदान से नाथूपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान नितेश पाण्डेय (22) पुत्र शिवपूजन पाण्डेय निवासी टेंगरा मोड़, भीटी, थाना रामनगर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो अवैध पिस्टल, दो मैगजीन तथा सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करता है और इससे मिलने वाले पैसों से अपने शौक पूरे करता है। उसने यह भी स्वीकार किया कि हथियार बिहार के मुंगेर से लाए गए थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रामनगर में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, नितेश शर्मा, पंकज कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

