प्रेमी ने शादी से किया इंकार, युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी; पुलिस की मौजूदगी में मंदिर में हुई शादी
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के पश्चिमपुर अहरक गांव में मंगलवार सुबह एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया गया कि 21 वर्षीय युवती अपने प्रेमी द्वारा शादी से इंकार किए जाने से नाराज थी। उसने चेतावनी दी कि यदि उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह टावर से कूदकर जान दे देगी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों ने युवती को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाइश दी और मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। बाद में उसे थाने ले जाया गया।
पूछताछ के दौरान पता चला कि युवती का प्रेम संबंध निवासनी गांव निवासी सनी विश्वकर्मा से लंबे समय से चल रहा था। परिजनों के दबाव के कारण युवक शादी से पीछे हटने लगा था, जिससे आहत होकर युवती ने यह कदम उठा लिया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाकर बातचीत कराई। काफी देर तक चले समझौते और समझाइश के बाद दोनों प्रेमी शादी के लिए तैयार हो गए। हालांकि दोनों परिवारों के बीच कुछ मतभेद बने रहे, जिन्हें दूर कराने का प्रयास किया गया।
बाद में पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में दोनों को रामनगर स्थित शिव मंदिर ले जाया गया, जहां दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर विवाह कर लिया। शादी संपन्न होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती की मानसिक स्थिति को देखते हुए मामले को संवेदनशीलता से संभाला गया। साथ ही दोनों परिवारों के बीच सहमति बनाने का प्रयास जारी है। घटना दिनभर गांव में चर्चा का विषय बनी रही।


