ओएचई पोल पर चढ़े युवक की करंट से मौत, डेढ़ घंटे बाधित रहा रेल संचालन

ओएचई पोल पर चढ़े युवक की करंट से मौत, डेढ़ घंटे बाधित रहा रेल संचालन

प्रतापगढ़ (जनवार्ता)। प्रतापगढ़ जंक्शन के दक्षिणी छोर स्थित नया माल गोदाम रोड के पास मंगलवार तड़के एक युवक की ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) पोल पर चढ़ने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद ओएचई तार टूटकर गिर पड़ा, जिससे लखनऊ–वाराणसी रेल मार्ग पर लगभग डेढ़ घंटे तक रेल संचालन प्रभावित रहा। मृतक की पहचान देर शाम तक नहीं हो सकी थी।

rajeshswari


जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब चार बजे जंक्शन से कानपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी थी और अपने निर्धारित समय 4:25 बजे रवाना होने वाली थी। इसी दौरान नया माल गोदाम रोड के समीप अचानक ओएचई लाइन में तेज चिंगारी उठी और तार टूटकर नीचे गिर गया। प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी।


सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान ओएचई पोल के पास एक युवक गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में जमीन पर पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक पोल पर चढ़ गया था और हाईटेंशन तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से पावर ब्लॉक लिया और तकनीकी टीम को मरम्मत कार्य में लगाया गया। ओएचई तार दुरुस्त करने में करीब एक घंटा 35 मिनट का समय लगा। सुबह 5:35 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद रेल संचालन सामान्य किया जा सका।


हादसे के कारण इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 1 घंटा 12 मिनट की देरी से रवाना हुई। वहीं, प्रतापगढ़ से वाराणसी जाने वाली पीबी पैसेंजर ट्रेन भी लगभग 1 घंटा 25 मिनट विलंब से चली।
स्टेशन अधीक्षक जेपी शुक्ल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंच गई थी। ओएचई तार टूटने से रेल मार्ग बाधित हुआ था, जिसे मरम्मत के बाद बहाल कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जीआरपी मामले की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़े   जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण, छात्रवृत्ति, आवास और मनरेगा में तेजी लाने के निर्देश
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *