पाटीदार के तूफान में उड़ी गुजरात, लगातार दूसरे IPL फाइनल में पहुंची बेंगलुरु

पाटीदार के तूफान में उड़ी गुजरात, लगातार दूसरे IPL फाइनल में पहुंची बेंगलुरु

धर्मशाला। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरे सीजन इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल में जगह बना ली। मंगलवार को खेले गए क्वालिफायर-1 मुकाबले में बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। अब गुजरात की टीम एलिमिनेटर विजेता से क्वालिफायर-2 खेलेगी। एलिमिनेटर मुकाबला बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम को वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 7 गेंदों में 19 रन बनाए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभालते हुए रन गति बनाए रखी। कोहली ने 25 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि पडिक्कल ने 19 गेंदों में 30 रन की उपयोगी पारी खेली।
मध्यक्रम में कप्तान रजत पाटीदार ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने केवल 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 5 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। पाटीदार ने क्रुणाल पंड्या के साथ चौथे विकेट के लिए 95 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। क्रुणाल ने 28 गेंदों पर 43 रन बनाए। अंतिम ओवरों में जितेश शर्मा ने 5 गेंदों में 15 रन जोड़कर टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया। गुजरात के लिए कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट हासिल किए।
255 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। साई सुदर्शन 14 रन बनाकर हिट विकेट आउट हुए, जबकि कप्तान शुभमन गिल केवल 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जोस बटलर ने 11 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन जोश हेजलवुड ने उन्हें बोल्ड कर दिया। 51 रन तक गुजरात के पांच बल्लेबाज आउट हो चुके थे।
एक छोर पर राहुल तेवतिया ने संघर्ष जारी रखा और 43 गेंदों में 68 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 4 छक्के लगाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला और पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई।
बेंगलुरु के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जैकब डफी ने 3 विकेट झटके, जबकि क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार और रसिख सलाम ने 2-2 विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   संदिग्ध परिस्थितियों अधेड़ की मौत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *