मुनीब से लूट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, 60 हजार रुपये बरामद

मुनीब से लूट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, 60 हजार रुपये बरामद

चंदौली (जनवार्ता)। पड़ाव-रामनगर मार्ग पर चौरहट गांव के समीप रिफाइन तेल कंपनी के मुनीब से रुपयों से भरा बैग लूटने वाले चार आरोपियों को मुगलसराय पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के 60 हजार रुपये नकद, दो बाइक, चार मोबाइल फोन और पीड़ित का बैग बरामद किया है।
पुलिस लाइन में बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जल्द अमीर बनने और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट और डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे।
जानकारी के अनुसार, आदमपुर थाना क्षेत्र के मछोदरी निवासी महताब अहमद एक तेल रिफाइन कंपनी में काम करता है। वह 21 मई को रामनगर क्षेत्र में विभिन्न दुकानदारों से नगद वसूली कर मोपेड से वाराणसी लौट रहा था। चौरहट गांव के पास दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और 1.34 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चौरहट स्थित एक गार्डेन के सामने कुछ संदिग्ध युवक मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सीर गोवर्धन निवासी आर्यन श्रीवास्तव, महमूरगंज निवासी शिवांग पाण्डेय, मूल रूप से बिहार के मोहनिया तथा वर्तमान में सामनेघाट निवासी मोहम्मद तारिक अंसारी और ढेलाबीर निवासी देव सरकार उर्फ दयाल शामिल हैं।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि खोजवा निवासी आकाश यादव, जो कलेक्शन का काम करता है, ने अपने साथी हरिहरपुर निवासी हरीश पाण्डेय के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ वाराणसी के लंका थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार, एसओजी प्रभारी रामजनम यादव समेत साइबर सेल और पुलिस के अन्य अधिकारी शामिल रहे।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   घमहापुर हत्याकांड: सांसद वीरेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *