गौ माता के संरक्षण के लिए गौशाला व गौ श्मशान घाट बनाने की मांग
वाराणसी (जनवार्ता) । नेशनल इक्वल पार्टी के संयोजक राजपूत शशिप्रताप सिंह ने केंद्र एवं राज्य सरकार से गौ संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

बुधवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है। इसलिए सरकार को गौ माता को “राष्ट्रीय पशु माता” घोषित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गाय पालन करने वाले किसानों और पशुपालकों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि गौ पालन को बढ़ावा मिल सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
राजपूत शशिप्रताप सिंह ने मांग की कि जिस प्रकार मनुष्यों के लिए श्मशान घाट बनाए जाते हैं, उसी प्रकार मृत गौवंश के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए विशेष “गौ श्मशान घाट” की व्यवस्था की जाए। इससे स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण जीवन की आधारशिला है। गौ सेवा राष्ट्र सेवा के समान है और सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

