भूत-प्रेत का डर दिखाकर महिलाओं को ठगने वाले अंतरजनपदीय गैंग का सरगना मुठभेड़ में गिरफ्तार

भूत-प्रेत का डर दिखाकर महिलाओं को ठगने वाले अंतरजनपदीय गैंग का सरगना मुठभेड़ में गिरफ्तार

आजमगढ़ (जनवार्ता)। सरायमीर थाना पुलिस ने भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार 9 मई को सरायमीर क्षेत्र की निवासी चंदा देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ठठेरी बाजार के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर झांसे में लिया और शुद्धिकरण के नाम पर कान की बाली, गले का लॉकेट, मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये लेकर फरार हो गए। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।

सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो अपराधी फूलपुर से खरेवा की ओर मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने करछा मंदिर के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और उबड़-खाबड़ रास्ते पर बाइक फिसलने से गिर गए। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान 48 वर्षीय इम्तियाज खान निवासी अलीगढ़, वर्तमान पता ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, दो कान की झालियां, एक नाक की कील, एक लॉकेट, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

इसे भी पढ़े   प्रयागराज : पितृ विसर्जन करने जा रहे प्रॉपर्टी डीलर की गोली मार कर हत्या

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ बाजारों में घूमकर अधेड़ महिलाओं को निशाना बनाता था। दोनों महिलाओें को परिवार पर संकट, जादू-टोना या भूत-प्रेत का भय दिखाकर विश्वास में लेते थे और शुद्धिकरण की प्रक्रिया के नाम पर जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ के अलावा बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर जनपदों में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सरायमीर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *