गोमती में समाए दो मासूम, बचाव अभियान जारी
वाराणसी ( जनवार्ता)। चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत कैथोर (भदवा) गांव के पास ककरहा घाट पर बुधवार को गोमती नदी में नहाने गए दो बालक डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कर दी गई। बाद में एनडीआरएफ की टीम को भी खोज अभियान में लगाया गया।

जानकारी के अनुसार चौबेपुर क्षेत्र के लेढूपुर निवासी यूनुस का पुत्र अयान (10) और कौवापुर निवासी आरिफ का पुत्र जीशान (10) अपने ननिहाल आए हुए थे। दोनों बालक गांव के अन्य बच्चों और किशोरों के साथ ककरहा घाट पर नहाने गए थे। इसी दौरान कुछ बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अयान और जीशान नदी की धारा में लापता हो गए।
घटना की सूचना पर एसीपी पिंडरा विदुष सक्सेना और चोलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से खोजबीन शुरू कराई गई। इसके साथ ही एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया, जो नदी में दोनों बालकों की तलाश में जुटी है।
घटना के बाद घाट पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। बच्चों के लापता होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से खोज अभियान जारी है। नदी और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी ली जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और ऐसे स्थानों पर चेतावनी संबंधी उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

