दालमंडी चौड़ीकरण अभियान तेज, 16 भवन खाली करने की मुनादी
11 जून को होगा ध्वस्तीकरण, चिह्नित भवनों पर लगाए गए लाल निशान
वाराणसी (जनवार्ता)। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सोमवार को कार्रवाई तेज कर दी। अभियान के अंतर्गत रजिस्ट्री हो चुके 16 भवनों को खाली कराने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कराई गई। संबंधित भवन स्वामियों और दुकानदारों को तत्काल भवन खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के अनुसार 11 जून को इन भवनों का ध्वस्तीकरण किया जाएगा।

सोमवार को पीडब्ल्यूडी की टीम ने चिह्नित भवनों की नापी कर उन पर लाल निशान लगाए। इस दौरान लंगड़ा हाफिज मस्जिद क्षेत्र स्थित कटरे के कुछ दुकानदारों और स्थानीय लोगों के बीच बहस की स्थिति भी बनी, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाकर मामला शांत कराया।
चौड़ीकरण कार्य को गति देने के लिए नई पोकलैंड मशीन भी दालमंडी क्षेत्र में पहुंच गई है। कार्रवाई के दौरान पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अनुराग तिवारी, अवर अभियंता निलेश गुप्ता, राहुल राठ समेत पुलिस बल और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों का कहना है कि दालमंडी क्षेत्र की संकरी गलियों में वर्षों से जाम की समस्या बनी हुई है। चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विभाग ने बताया कि जर्जर और अधिग्रहित भवनों को प्राथमिकता के आधार पर ध्वस्त किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों की इस अभियान को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। जहां एक ओर कई नागरिक इसे शहर के विकास और यातायात सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं, वहीं प्रभावित दुकानदार और भवन स्वामी अपने व्यवसाय एवं आवास को लेकर चिंता भी जता रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना शहर के सुनियोजित विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।

