पुलिस की मौजूदगी में महिला से मारपीट का आरोप, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
वाराणसी (जनवार्ता)। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकूलगंज इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला, उसके बेटे और देवर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पुलिस की मौजूदगी में ही उसके साथ अभद्रता की गई। घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हुकूलगंज निवासी सुनीता जायसवाल, पत्नी स्वर्गीय बृजेश जायसवाल, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पति की मृत्यु के बाद से पड़ोसियों के साथ उनका विवाद चल रहा है। मंगलवार सुबह करीब छह बजे किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पड़ोसी राहुल, रोहित और उनके एक अन्य साथी ने उनके पुत्र देवा जायसवाल और देवर बब्लू जायसवाल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार जब वह बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बाल खींचकर जमीन पर गिराया गया तथा पुत्र को जान से मारने की धमकी दी गई। मारपीट के दौरान उनकी सोने की चेन गायब होने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की पूरी वारदात क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका फुटेज अब जांच का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया और शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

