24 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
सोनभद्र (जनवार्ता)।बभनी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 24 किलो 150 ग्राम गांजा और गांजा ले जाने में इस्तेमाल की जा रही एक वेरना कार बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 17 लाख 7 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को बभनी थाना पुलिस नधिरा तिराहा पर वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बभनी की ओर से आ रही वेरना कार संख्या UP70CD8010 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की पिछली लाइट के अंदर बनाई गई जगह में छिपाकर रखे गए 24 पैकेट गांजा मिले। इनका कुल वजन 24 किलो 150 ग्राम था। पुलिस ने कार में सवार दोनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विजय कुमार ओझा (23) और विकाश ओझा उर्फ अविनाश ओझा (26) के रूप में हुई है। दोनों बिहार के भोजपुर जिले के जमुआ बिहिया गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ बभनी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60*के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जिला कारागार सोनभद्र भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की कीमत करीब 12 लाख 7 हजार 500 रुपये और कार की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। इस तरह कुल बरामदगी की कीमत करीब 17 लाख 7 हजार 500 रुपये है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सरोज, उपनिरीक्षक मक्खन लाल, हेड कांस्टेबल पंकज दूबे, रामआशीष यादव, प्रदीप सिंह तथा कांस्टेबल सुधीर यादव और सुरेश कुमार शामिल रहे।


