आजमगढ़-वाराणसी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, अर्टिगा-ट्रेलर की टक्कर में चार की मौत
आजमगढ़ (जनवार्ता)। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवगांव कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कंजहित बाजार के दक्षिणी छोर पर बरडीहा-चंदवक (जौनपुर) मोड़ के पास रात करीब 12 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, एक अर्टिगा कार और ट्रेलर की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के समय कार में सवार सभी लोग झारखंड के पलामू जिले के डाल्टनगंज निवासी थे और अंबेडकरनगर जिले स्थित एक दरगाह से लौट रहे थे।

हादसे में हाफिज अब्दुल रज्जाक (53), मोहम्मद कैश (53), सोहराब साइन (58) तथा अंशबाज खान (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजमल पुत्र लाल मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल लालगंज स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अजमल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना स्थल पर सड़क सिंगल लेन की है और दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटना के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

