वाराणसी में पहली बार होगा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन गोल्फ टूर्नामेंट

वाराणसी में पहली बार होगा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन गोल्फ टूर्नामेंट

16 जून से बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स में मुकाबले

वाराणसी (जनवार्ता)। ऐतिहासिक नगरी वाराणसी में पहली बार राष्ट्रीय स्तर के पेशेवर गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) का नेक्सजेन सीजन-2026 का छठा इवेंट 16 से 18 जून तक बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में आयोजित किया जाएगा। 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के 72 पेशेवर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

rajeshswari

तीन दिवसीय प्रतियोगिता 54 होल्स के प्रारूप में खेली जाएगी। पहले दो राउंड (36 होल्स) के बाद कट लागू होगा, जिसमें शीर्ष 36 खिलाड़ी और टाई में रहने वाले प्रतिभागी अंतिम राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगे।

टूर्नामेंट में 2026 नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट के लीडर सुनीत चौरसिया, राजेश कुमार गौतम, बिपिन मुखिया, अभिषेक कुमार, आदित्य राज सिंह चहल, विनय कुमार यादव तथा 15 वर्षीय प्रतिभाशाली गोल्फर अर्जुनवीर शिशिर सहित कई नामचीन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। वाराणसी के स्थानीय खिलाड़ी इमाम-उल-हक और हेमंत यादव भी इस प्रतियोगिता में चुनौती पेश करेंगे।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जोहल ने कहा कि वाराणसी में पहली बार नेक्सजेन इवेंट आयोजित करना संस्था के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पेशेवर गोल्फ को देश के पारंपरिक केंद्रों से आगे बढ़ाकर नए शहरों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय युवाओं को गोल्फ के प्रति प्रेरणा मिलेगी और शहर राष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर अपनी पहचान मजबूत करेगा।

वहीं बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स के सचिव अनुराग गुप्ता ने कहा कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी करना क्लब और वाराणसी दोनों के लिए ऐतिहासिक अवसर है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को उच्च स्तरीय पेशेवर गोल्फ को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

इसे भी पढ़े   वाराणसी में बढे डेंगू के मरीज,जिले में मरीजों की संख्या 16 हो गई

इससे पहले 14 जून को आयोजित प्रो-एम प्रतियोगिता में प्रोफेशनल खिलाड़ी पंकज मांडिया की टीम विजेता रही। उनकी टीम में एमेच्योर खिलाड़ी मनोज मांझी, रितेश सिंह और अमित वर्मा शामिल थे। विजेता टीम को बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स के सचिव अनुराग गुप्ता ने सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि नेक्सजेन टूर की शुरुआत वर्ष 2025 में भारत में पेशेवर गोल्फ को नई प्रतिभाओं तक पहुंचाने और टियर-2 एवं टियर-3 शहरों में इस खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। इस वर्ष नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट का विजेता 2026 सीजन के मुख्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर में खेलने का अवसर प्राप्त करेगा।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *