लखनऊ: प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में  एक लाख का इनामी गिरफ्तार

लखनऊ: प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में  एक लाख का इनामी गिरफ्तार

लखनऊ (जनवार्ता)। राजधानी के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार देर रात आलमबाग बस स्टेशन के पास से दबोचा गया, जिसके बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए पीजीआई पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

rajeshswari

गौरतलब है कि 27 मई 2026 को पीजीआई थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें बाइक सवार बदमाशों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए देखा गया था। इस मामले में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान एसटीएफ ने हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद और सुनियोजित साजिश का खुलासा किया था। इससे पहले मुख्य साजिशकर्ता दिनेश कुमार यादव तथा उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच में सामने आया था कि हत्या के लिए शूटरों की व्यवस्था की गई थी और पूरी वारदात को सुपारी किलिंग के तौर पर अंजाम दिया गया था।

एसटीएफ की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी गंगाराम यादव, निवासी जनपद अंबेडकरनगर, ने शूटरों की व्यवस्था कराने में अपनी भूमिका स्वीकार की है। उसने बताया कि उसने दिनेश कुमार यादव और उसके चालक मुकर्रबीन के कहने पर इस साजिश में सहयोग किया था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर फरार शूटरों और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

इसे भी पढ़े   प्रयागराज : सोरांव तहसील के दो लेखपाल एक लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *