फरीदाबाद की 10 से अधिक कॉलोनियों पर बुलडोजर का खतरा, तीन हजार परिवारों में चिंता

फरीदाबाद की 10 से अधिक कॉलोनियों पर बुलडोजर का खतरा, तीन हजार परिवारों में चिंता

फरीदाबाद (जनवार्ता)। दिल्ली से सटे एनसीआर के फरीदाबाद में 10 से अधिक अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर कार्रवाई का खतरा मंडरा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद संबंधित विभाग ने विभिन्न कॉलोनियों में नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई तेज कर दी है, जिससे हजारों परिवारों में चिंता और असमंजस का माहौल है।

rajeshswari


विभाग की ओर से जीवन नगर पार्ट-2, गौंछी, दीपावली एंक्लेव, पंचशील कॉलोनी, गोठड़ा मोहब्बताबाद, मांगर समेत कई कॉलोनियों में नोटिस लगाए गए हैं। नोटिस में निवासियों को अवैध निर्माण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की प्रस्तावित कार्रवाई से करीब तीन हजार परिवारों के बेघर होने की आशंका जताई जा रही है।


हाल ही में नेहरू कॉलोनी में हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई के बाद इन क्षेत्रों के लोगों में भय और बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत की कमाई से अपने मकान बनाए हैं और अब उन्हें उजड़ने का डर सता रहा है।
जीवन नगर पार्ट-2 के निवासी रामसिंह ने बताया कि अधिकांश परिवारों ने छोटे-छोटे घर बनाने के लिए जमीन खरीदी और अपनी जमा पूंजी खर्च की। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई करता है तो हजारों लोग अपने घरों को बचाने के लिए सड़क पर उतरकर विरोध करने को मजबूर होंगे।


नोटिस जारी होने के बाद प्रभावित परिवारों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से हस्तक्षेप कर राहत दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्षों से बसे लोगों के सामने अब आवास का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
गौरतलब है कि फरीदाबाद में अवैध कॉलोनियों का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में है। पिछले कुछ वर्षों में 80 से अधिक कॉलोनियों को नियमित किया जा चुका है, जबकि करीब 100 अन्य कॉलोनियों को नियमित करने की मांग लंबित बताई जा रही है। ऐसे में नई कार्रवाई ने एक बार फिर अवैध कॉलोनियों के भविष्य को लेकर बहस तेज कर दी है।

इसे भी पढ़े   वाराणसी में बाढ़ से नुकसान का पड़ताल करेगी राजस्‍व विभाग टीम
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *