कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम का छज्जा गिरा, 5 की मौत
बचाव अभियान में जुटी सेना
कोलकाता (जनवार्ता)। पश्चिमी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक निर्माणाधीन गोदाम का छज्जा अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।


पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना तारातला स्थित ब्रेज ब्रिज के पास डायमंड हार्बर रोड पर निर्माणाधीन गोदाम में हुई। दोपहर के समय गोदाम का छज्जा अचानक गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर और अन्य लोग मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस, दमकल विभाग, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, नागरिक सुरक्षा बल तथा अन्य राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव कार्य को तेज करने के लिए सेना को भी बुलाया गया है, जो स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चला रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका बनी हुई है। राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है और भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।
राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070, 8697981070 और 033-22143526/22535185 जारी किए हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करने की अपील की है।
हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

