एनएच किनारे अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सड़क चौड़ी होने से लोगों को मिली राहत

एनएच किनारे अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सड़क चौड़ी होने से लोगों को मिली राहत

मधेपुरा (जनवार्ता)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के उद्देश्य से घैलाढ़ अंचल क्षेत्र के भान टेकती स्थित चकला चौक पर गुरुवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर और एक्सकेवेटर मशीनों का उपयोग किया गया।

rajeshswari


अंचलाधिकारी वंदना कुमारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत सड़क किनारे बने अस्थायी निर्माण, झोपड़ियां और दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई। प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कई अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।


अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर राजस्व कर्मचारी अरुण कुमार सिंह, राजीव कुमार, अखिलेश कुमार, मिठाई थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।


अंचलाधिकारी वंदना कुमारी ने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अवैध कब्जों के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे वाहनों के आवागमन में परेशानी होती थी और अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। इससे आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।


प्रशासन के अनुसार कार्रवाई से पूर्व अतिक्रमणकारियों को भूमि खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।


अभियान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटने से सड़क चौड़ी और साफ दिखाई देगी, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा तथा दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।

इसे भी पढ़े   लॉन्च, Vivo का 64MP OIS कैमरे और ऑरा लाइट वाला फोन,जानें कीमत और ऑफर्स


वहीं, प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि दुकानों के हटने से उनकी आजीविका प्रभावित हुई है।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *