5.44 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

5.44 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान

वाराणसी (जनवार्ता)। जनपद में 28 जून से प्रारंभ होने वाले पल्स पोलियो विशेष अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

rajeshswari

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान पांच वर्ष तक आयु के 5,44,106 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि लक्षित सभी बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण कराया जाए। इसके लिए तैनात सभी कार्मिकों को समुचित प्रशिक्षण देने तथा बीमार एवं प्रतिरोधी परिवारों के बच्चों को विशेष रूप से चिन्हित कर पोलियो की दवा पिलाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित पाए गए सुपरवाइजरों एवं वैक्सीनेटरों के वेतन अथवा मानदेय को तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन सभी विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जाएंगे तथा बच्चों को बूथ तक लाने के लिए बुलावा टोलियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि बूथों का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए, ताकि अभियान को व्यापक जनसहभागिता मिल सके।

उन्होंने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर ट्रांजिट टीमें तैनात करने के निर्देश भी दिए, जिससे यात्रा के दौरान छूटे हुए बच्चों को भी पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही जनसामान्य से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।

इसे भी पढ़े   भारत में टिकाऊ धान–आलू खेती को मिलेगा यंत्रीकरण का सहारा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि छह दिनों तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले में 1,811 बूथ, 1,265 घर-घर भ्रमण टीमें तथा 34 ट्रांजिट टीमें गठित की गई हैं। बूथ दिवस पर छूटे हुए बच्चों को 29 जून से घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।

बैठक का संचालन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया एवं डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. महेंद्र ने किया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *