रिश्वत लेते डीएफओ कार्यालय का स्टेनो गिरफ्तार
आजमगढ़। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को वन विभाग के डीएफओ कार्यालय में तैनात स्टेनो कपिलदेव यादव को 7,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद वन विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर थाना क्षेत्र निवासी मनोज विश्वकर्मा ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि पेड़ कटान से संबंधित ऑनलाइन अनुमति दिलाने के नाम पर डीएफओ कार्यालय में तैनात स्टेनो द्वारा 7,500 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
मंगलवार को शिकायतकर्ता जैसे ही तय रकम लेकर डीएफओ कार्यालय पहुंचा और स्टेनो को रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन टीम का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

