गाजीपुर : पुलिस मुठभेड़ में शातिर असलहा तस्कर के पैर में लगी गोली, साथी समेत गिरफ्तार
गाजीपुर। जिले के गहमर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घायल बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की अपाची बाइक, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी एवं चौकी प्रभारी कामाख्या रोहित कुमार द्विवेदी पुलिस टीम के साथ भटपुरवा-मारूफ बाग-रेवतीपुर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की काली अपाची बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस का दावा है कि घिरने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली सौरभ सिंह के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल की पहचान सौरभ सिंह पुत्र स्वर्गीय इंद्रजीत सिंह निवासी गहमर पट्टी खेलूराय के रूप में हुई, जबकि उसके साथी मुकेश कुशवाहा पुत्र मोती कुशवाहा निवासी गहमर पट्टी सम्भल राय को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान सौरभ के पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 400 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं मुकेश के पास से 300 रुपये नकद और एक वीवो मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने बिना नंबर की अपाचे बाइक भी कब्जे में ले ली।
पुलिस के मुताबिक, सौरभ सिंह के खिलाफ गाजीपुर, वाराणसी और बिहार के बक्सर जिले में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट और आईटी एक्ट सहित कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जबकि मुकेश कुशवाहा पर यह पहला मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध गहमर थाने में संबंधित धाराओं एवं आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल सौरभ सिंह को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

