एसटीएफ ने एक लाख के इनामी बदमाश को किया ढेर
अंबेडकरनगर (जनवार्ता) : उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने मंगलवार सुबह अंबेडकरनगर जिले के थाना बिवाना क्षेत्र में एक मुठभेड़ में 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश असीम अली उर्फ विक्की (छैमार) को मार गिराया। बदमाश मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एसटीएफ की टीम जगदीशपुर गांव के पास बदमाशों की तलाश में थी। मुठभेड़ के दौरान विक्की गोली लगने से घायल हो गया। मौके से .32 बोर की पिस्टल, .12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
विक्की कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरैया/मकनपुर गांव का निवासी था। वह दशकों से उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में डकैती, बंधक बनाकर लूटपाट और हत्याओं के 21 से अधिक मामलों में वांछित था।
असीम अली उर्फ विक्की अपने गैंग के साथ घरों में घुसकर लोगों को बंधक बनाता, लूटपाट करता और विरोध करने वालों की निर्मम हत्या कर देता था। उस पर प्रमुख सनसनीखेज मामले दर्ज हैं। 19 अक्टूबर 2013 को सुल्तानपुर कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में 10 साथियों के साथ घर में घुसकर डकैती व हत्या की घटना को अंजाम दिया था। वर्ष 2014 में जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र में परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लूटी। डकैती के दौरान परिवार के 5 सदस्यों को धारदार हथियार से बुरी तरह घायल किया गया, जिनमें स्वाति और सुमन नाम की दो महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई। 15 अगस्त 2015 को कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में गैंग के साथ डकैती के दौरान वादी अवनि कुमार टैगोर के माता-पिता की हत्या कर दी। 19 अगस्त 2015 को मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में महावीर सिंह के घर में घुसकर बंधक बनाया गया और पुत्रवधू को धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल किया। उसी रात पांच अन्य घरों में भी डकैती की। इसके अलावा 13 जनवरी 2021 को कानपुर देहात के रसूलवाद थाना क्षेत्र में रेशमा के पति तासीम की हत्या का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है।
ये सभी घटनाएं अत्यंत क्रूर थीं, जिनमें बंधक बनाकर लूट और हत्याएं शामिल थीं। विक्की पर तीन प्रमुख डकैती-हत्या मामलों (सुल्तानपुर, जौनपुर, मुजफ्फरनगर) में इनाम घोषित था।

