मंडुवाडीह में गैरलाइसेंसी मेडिकल स्टोर पर ड्रग विभाग का छापा
25 लाख की दवाएं जब्त
वाराणसी (जनवार्ता)। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गैरलाइसेंसी मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर करीब 25 लाख रुपये मूल्य की दवाएं जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान दुकान को सील कर संचालक को हिरासत में लिया गया। बरामद दवाओं में बड़ी मात्रा में एंटीबायोटिक दवाएं शामिल हैं। इनके मिलावटी अथवा नकली होने की आशंका के चलते नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी के नेतृत्व में सोमवार देर शाम मंडुवाडीह थाने के समीप चौधरी कटरा स्थित न्यू सर्जिकल स्टोर पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान संचालक संदीप श्रीवास्तव से दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित लाइसेंस, बिल और अन्य अभिलेख मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी प्रयागराज से बड़ी मात्रा में दवाएं मंगाकर वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में उनकी सप्लाई करता था। विभाग को इस दुकान से मिलावटी एवं नकली दवाओं की बिक्री की गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि जब्त दवाओं के नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दवाएं मानक के अनुरूप हैं या मिलावटी। फिलहाल बिना लाइसेंस दवाओं का भंडारण और खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड न मिलने के आधार पर दुकान को सील कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

