मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग बना गड्ढों और जलभराव का केंद्र, राहगीर और दुकानदार परेशान
वाराणसी (जनवार्ता) । आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र में मोहनसराय चौराहे के पास स्थित मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग हल्की बारिश के बाद ही गड्ढों और जलभराव का केंद्र बन गया है। सड़क पर बदबूदार सीवर का पानी भर जाने से अदलपुरा स्थित माता शीतला धाम जाने वाले दर्शनार्थियों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएचएआई द्वारा हाईवे सर्विस रोड के किनारे बनाए गए नाले की उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण नाला ओवरफ्लो होकर सीवर का गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। इससे सड़क क्षतिग्रस्त होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है।

लोगों का कहना है कि पैदल चलने वालों और स्कूली बच्चों के कपड़ों पर गंदे पानी के छींटे पड़ते हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालक अक्सर गड्ढों में असंतुलित होकर गिर जाते हैं। कई राहगीर अब तक घायल भी हो चुके हैं। माता शीतला धाम आने वाले श्रद्धालुओं को भी बदबूदार पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
जलभराव और खराब सड़क के कारण इस मार्ग पर आवागमन कम होने से स्थानीय दुकानदारों की रोजी-रोटी पर भी संकट गहरा गया है। उनका कहना है कि इस मार्ग से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी आवागमन होता है, लेकिन लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित विभाग से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।

