श्रावण मास की तैयारियों को लेकर एडीसीपी गोमती जोन ने की समीक्षा
विवेचकों को दिए सख्त निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। आगामी श्रावण मास एवं कानून-व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन श्री नृपेन्द्र ने गुरुवार को बाबतपुर कार्यालय में गोमती जोन के सभी थानों से आए विवेचकों के साथ समीक्षा गोष्ठी की। बैठक में लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


एडीसीपी ने श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना कारण लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण करने, प्रत्येक मुकदमे में 24 घंटे के भीतर घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक एवं डिजिटल साक्ष्य संकलित करने तथा केस डायरी को नियमित रूप से अद्यतन रखने पर जोर दिया।
बैठक में थाना प्रभारियों को प्रतिदिन पैदल गश्त करने, राजमार्गों व प्रमुख मार्गों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने, सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा गया।
इसके अलावा यक्ष ऐप पर सभी आवश्यक प्रविष्टियां नियमित रूप से अपडेट करने तथा ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से प्रत्येक अभियोग में समयबद्ध तरीके से एसआईडी जनरेट कर डिजिटल रिकॉर्ड को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

