वाराणसी में अनुरक्षण कार्य के चलते कई इलाकों में रहेगी बिजली कटौती, जानें कब और कहां बंद रहेगी आपूर्ति
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शुक्रवार को विभिन्न उपकेंद्रों पर अनुरक्षण और इंटरलिंकिंग कार्य किए जाएंगे। इसके चलते शहर के कई क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लेने का अनुरोध किया है।

नगरीय विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बिजनेस प्लान 2025-26 के तहत 33 केवी सांस्कृतिक संकुल उपकेंद्र पर इंटरलिंकिंग कार्य किया जाएगा। इसके कारण सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक 11 केवी पुलिस लाइन, महादेव, न्यू महादेव, पांडेयपुर, हुकुलगंज और बंधवा नाला फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इससे खजुरी, मकबूल आलम रोड, फ्रेंड्स कॉलोनी, ऑफिसर्स कॉलोनी, हुकुलगंज, राजा कॉलोनी और दूध सत्ती सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली प्रभावित रहेगी।
इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग द्वारा काली माता मंदिर से आजमगढ़ रोड तथा पांडेयपुर से रिंग रोड तक सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान बाधक बिजली के खंभों को हटाने के लिए दौलतपुर उपकेंद्र से सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान कुंती विहार कॉलोनी और रमरेपुर फीडर बंद रहेंगे, जिससे पहाड़िया, श्रीनगर कॉलोनी, प्रेमचंद्र, अमानपुर कॉलोनी, कुंती विहार और काली माता मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
इसके अलावा अर्दली बाजार उपकेंद्र पर 10 एमवीए ट्रांसफार्मर स्थापित करने और स्विचयार्ड से संबंधित कार्य के लिए भी बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसके अंतर्गत वरुणापुल, फुलवरिया, नदेसर, सदर बाजार, मिंट हाउस, एयरफोर्स और माल रोड फीडरों की आपूर्ति शुक्रवार सुबह 10 बजे से कार्य पूर्ण होने तक प्रभावित रहेगी।

