वाराणसी: गोदौलिया-रथयात्रा रोप-वे का काम अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगी सेवा; जाम से मिलेगी राहत
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी में देश की पहली अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोप-वे परियोजना का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। गोदौलिया से रथयात्रा स्टेशन के बीच रोप-वे सिस्टम के इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण स्थल से सामने आईं तस्वीरों में कर्मचारी अंतिम चरण के कार्य में जुटे दिखाई दे रहे हैं।

रोप-वे सेवा शुरू होने के बाद शहर के सबसे व्यस्त गोदौलिया-लंका मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। वर्तमान में इस मार्ग पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी और यात्रियों का सफर कम समय में पूरा हो सकेगा। इससे समय और यात्रा लागत, दोनों में बचत होगी।
करीब 3.5 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि रोप-वे पूरी तरह सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली होगी। इसके संचालन से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।
रोप-वे से सफर के दौरान यात्रियों को काशी का विहंगम दृश्य देखने का अवसर मिलेगा, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। प्रशासन का दावा है कि परियोजना शुरू होने के बाद वाराणसी की शहरी परिवहन व्यवस्था और स्मार्ट सिटी मिशन को नई मजबूती मिलेगी।

