सर्पदंश से तीन वर्षीय मासूम की मौत
दीवार तोड़ने पर निकला कोबरा
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया थाना क्षेत्र के बसंतपट्टी गांव की राजभर बस्ती में शनिवार तड़के जहरीले सर्प के डसने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, रविंद्र राजभर का तीन वर्षीय पुत्र आयुष अपने माता-पिता के साथ चौकी पर सो रहा था। भोर करीब तीन बजे वह अचानक रोने लगा और कुछ ही देर में उसके मुंह से झाग निकलने लगा तथा वह बेहोश हो गया। परिजनों ने किसी जहरीले जीव के काटने की आशंका पर उसे तत्काल उपचार के लिए लोहता क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए अन्यत्र ले जाने की सलाह दी।
परिजनों ने इसके बाद विभिन्न स्थानों पर इलाज और झाड़-फूंक का भी सहारा लिया, लेकिन मासूम को बचाया नहीं जा सका। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक आयुष अपने माता-पिता के तीन बेटों में दूसरे नंबर का था।
घर लौटने पर परिजनों ने उस स्थान की जांच की, जहां बच्चा सोया था। दीवार में एक बिल दिखाई देने पर उसे तोड़ा गया, जिसमें एक जहरीला कोबरा मिला। परिजनों ने आक्रोश में आकर सर्प को मार दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बारिश के मौसम में घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और सर्प दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग या संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है।

