दीक्षांत समारोह में एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिला बढ़ावा

दीक्षांत समारोह में एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिला बढ़ावा

राज्यपाल ने बालिकाओं को बांटे प्रमाण-पत्र

वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। इसी अवसर पर सरकार के एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण भी कराया गया।

rajeshswari

राज्यपाल ने टीकाकरण के बाद आराध्या शाह, अदिति कुमारी, मिहिका, रोशनी पटेल, शबनम खातून और पलक सहित बालिकाओं को स्वयं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने वाला प्रभावी एवं सुरक्षित सामाजिक सुरक्षा कवच है। उन्होंने अभिभावकों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति से दूर रहकर अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बेटी ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत आधारशिला है। साथ ही समाज के सक्षम नागरिकों और संस्थाओं से इस अभियान में सहयोग और आर्थिक योगदान देने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर सभागार में 155 तथा रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 96 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि भारत सरकार के इस अभियान का उद्देश्य 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। जनपद में यह अभियान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लगातार संचालित किया जा रहा है।

इसे भी पढ़े   दालमंडी में फिर शुरू हुआ ध्वस्तीकरण, 18 भवनों पर चला बुलडोजर

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *